| |
पृष्ठभूमि और शारीरिक जाँच
जब आप हमारे यहाँ आएँगे, तो हमारे चिकित्साकर्मी आपका संपूर्ण इतिहास पूछेंगे और हम शारीरिक परीक्षण भी करेंगे। आपकी रीढ़ की हड्डी की बीमारी के सही निदान के लिए इतिहास और शारीरिक परीक्षण, दो बहुत महत्त्वपूर्ण क़दम हैं। इन आकलनों से प्राप्त जानकारी के आधार पर डॉ. लोनर यह फ़ैसला करेंगे कि क्या और निदानात्मक परीक्षणों की ज़रूरत है और कौन से परीक्षण उपयुक्त होंगे।
इतिहास अपनी पहली विज़िट में आप एक नर्स या डॉक्टर से मिलेंगे, जो आपके लक्षणों, चिकित्सा इतिहास, और अन्य संबद्ध बातों के बारे में आपसे कई प्रश्न पूछेंगे। आपका इतिहास जानने के समय हम आपके साथ जिन विशिष्ट मुद्दों पर चर्चा करेंगे, वे तो आपकी बीमारी पर निर्भर होंगे, लेकिन हम आपसे जो प्रश्न पूछ सकते हैं, उनमें से कुछ हैं:
लक्षण और शिकायतें
- आप हमारे पास क्यों आये हैं?
- आपके लक्षण कब शुरू हुए?
- क्या आपने किसी दूसरे चिकित्सक से इलाज या आकलन कराया है?
- पिछले इलाजों से क्या लाभ हुआ?
- क्या आपके लक्षण किसी चोट या दुर्घटना से संबंधित हैं? यदि ऐसा है, तो यह चोट कब लगी और इसके लिए क्या इलाज किया गया?
- आपको दर्द किस जगह होता है? यह शुरू कहाँ से होता है? क्या दर्द शरीर के दूसरे हिस्सों तक भी जाता है?
- दर्द कितनी बार होता है?
- यह दर्द आपको किस समय होता है (जैसे कि रात में, खड़े होने पर)?
- दर्द की गंभीरता या तेज़ी का आकलन करें।
दवायें और अलर्जी
- दर्द से राहत पाने के लिए आपने कौन सी दवायें ली हैं?
- क्या इस दवा से दर्द से राहत मिली थी / मिलती है?
- आप इस समय कौन सी दवायें ले रहे हैं (दवा की मात्रा, गोलियों की संख्या और दिन में कितनी बार लेते हैं)?
- क्या आपको किसी दवा से अलर्जी है?
- क्या आपको दवा के अलावा किसी अन्य पदार्थ से अलर्जी है, जैसे आयोडीन, डाई, या शेलफ़िश?
पूर्व चिकित्सा इतिहास
- क्या कोई ऐसी पूर्व या वर्तमान अन्य बीमारियाँ हैं, जिनके लिए आपने इलाज कराया है?
- क्या आपकी पहले कोई सर्जरी हुई है?
- यदि हाँ, तो सर्जरी का परिणाम क्या हुआ? क्या सर्जरी के कारण कुछ जटिलतायें पैदा हुईं?
- क्या आपके परिवार में किसी को रीढ़ की हड्डी की कोई बीमारी रही है?
हम आपसे आपके रहन-सहन की स्थिति, आपके पेशे से जुड़े सवाल और आप शराब, सिगरेट-बीड़ी या नशीली दवायें लेते हैं या नहीं, यह भी पूछ सकते हैं। हालाँकि ये सवाल व्यक्तिगत जीवन से संबंधित हैं लेकिन आपको स्वास्थ्य-लाभ कराने के लिए सही निदान करने और प्रभावी उपचार कार्यक्रम तैयार करने के लिए हमें इनका सही जवाब जानना बहुत ज़रूरी है!
शारीरिक जाँच हमारे यहाँ आपकी पहली विज़िट के दौरान हम आपकी व्यापक शारीरिक जाँच करेंगे। हम आपका चलना, खड़े होना या बैठना देखकर ही आपकी रीढ़ की हड्डी की स्थिति के बारे में काफ़ी कुछ पता लगा सकते हैं। इसके अलावा, हम आपके सामान्य स्वास्थ्य का भी आकलन करेंगे।
सामान्य शारीरिक जाँच में ये सभी या इनमें से कुछ तत्त्व शामिल होते हैं:
- आपकी ऊँचाई, वज़न और जीवन चिन्हों (जैसे शरीर का तापमान, हृदय गति, रक्तचाप) का आकलन
- आपकी त्वचा का निरीक्षण।
- आपकी साँस और पेट का परीक्षण।
- आपकी चाल का परीक्षण (आप किस तरह चलते हैं)। आपकी तंत्रिकाओं का हाल जानने के लिए आपसे पंजों या एड़ी के बल चलने को कहा जा सकता है।
- आपकी रीढ़ के उतार चढ़ाव की जाँच। आपको खड़ा करके, नर्स या डॉक्टर आपकी रीढ़ के झुकावों को पीछे से और बगल से देखेंगे।
- हिलने-डुलने की क्षमता का आकलन। आपसे कहा जा सकता है कि सामने या पीछे की ओर झुकें और बगल की ओर भी जितना संभव हो, झुककर दिखायें। आपसे गर्दन को भी हर दिशा में घुमाने को कहा जा सकता है। इस आकलन के दौरान, आपकी नर्स या डॉक्टर, आपके शरीर को स्थिर रखने के लिए आपकी कमर या कंधों पर अपने हाथ रख सकते हैं।
- रीढ़ की हड्डी को दबाकर रखना। आपकी नर्स या डॉक्टर आपकी रीढ़ पर हल्का दबाव दे सकते हैं ताकि दर्द या मरोड़ पैदा करने वाली जगहों का पता लगा सकें और गाँठ या सूजन का आकलन कर सकें।
- पैर को सीधा उठाने की जाँच। आपसे कहा जा सकता है कि बैठकर या लेटकर अपने पैरों को उठायें या फैलायें। इससे हमें तंत्रिका-मूल के तनाव को जानने में मदद मिलती है। जाँचकर्ता धीरे-धीरे पैर उठाने में आपकी मदद कर सकते हैं। आपसे कहा जायेगा कि पैर उठाते समय किस बिंदु पर दर्द होता है, उसका ध्यान रखें।
- तंत्रिकाओं से संबंधित परीक्षण, जिसमें आपकी प्रतिक्रिया, संवेदना, और तंत्रिकाओं और पेशियों की शक्ति की क्षमता की जाँच होती है। संवेदना का आकलन आपकी त्वचा पर हलके से पिन लगाकर किया जाता है, और आम तौर से उसकी जाँच आपकी दोनों बाँहों और टाँगों में की जाती है।
शारीरिक जाँच के लिए आम तौर पर आपसे अस्पताल का गाउन पहनने को कहा जायेगा। हाँलाकि अस्पताल का गाउन पहनना कुछ मरीज़ों के लिए तकलीफ़देह हो सकता है, लेकिन हम पूरी जाँच के दौरान आपके आराम और गोपनीयता का ध्यान रखने की भरसक कोशिश करते हैं।
अगर शारीरिक जाँच के दौरान आपको कोई दर्द महसूस होता है, तो नर्स या डॉक्टर को ज़रूर बतायें। इस तकलीफ़ से भी आपकी रीढ़ की बीमारी के बारे में महत्त्वपूर्ण जानकारी का पता लग सकता है।
निष्कर्ष आपका इतिहास जानने और शारीरिक जाँच के बाद हम आपकी बीमारी की समीक्षा करेंगे और उपयुक्त निदानात्मक जाँच का आदेश देंगे। इनमें रेडियोलॉजिकल जाँच, जैसे कि एक्स-रे, MRI, CT, मायलोग्राम, डिस्कोग्राम, या हड्डी स्कैन शामिल हैं। कुछ परिस्थितियों में हम निदानात्मक इंजेक्शन का भी आदेश दे सकते हैं।
Scoliosis Associates में, आपकी रीढ़ की देखभाल के दौरान आपकी व्यक्तिगत ज़रूरतों पर ध्यान देने में हमारा दृढ़ विश्वास है। इसका मतलब यह है कि जब आप हमें अपना इतिहास बताते हैं तब हम उस जानकारी को ध्यान से सुनते हैं; हम आपकी जाँच और निदान अध्ययनों के सभी पहलुओं पर विचार करेंगे; और हमारे चिकित्साकर्मी आपके साथ मिलकर एक टीम के रूप में काम करेंगे ताकि आपके लिए एक व्यापक उपचार योजना तैयार कर सकें। कृपया अपने पूरे निदान और उपचार के दौरान हमें सच-सच और नियमित रूप से जानकारी दें, ताकि हम आपका यथासंभव सर्वश्रेष्ठ उपचार कर सकें!
|