लम्बर डिस्क हर्नियेशन

अधिकतर मरीज़ों ने “स्लिप्ड डिस्क”, “रप्चर्ड डिस्क” या “डिस्क पॉप्ड आउट” भी सुने होते हैं। ये शब्द वैसे तो विवरणात्मक हैं, लेकिन ये ग़लत संकेत भी दे सकते हैं। असल में ये शब्द जिस बात का संकेत कर रहे हैं, वह है डिस्क का हर्नियाग्रस्त होना(हर्नियेशन)। डिस्क हर्नियेशन, विशेष रूप से पीठ के निचले हिस्से में (लम्बर स्पाइन), बहुत आम शिकायत है, और हम अपनी संस्था में नियमित रूप से इसका इलाज करते रहते हैं।

लम्बर हिस्से की हर्नियेटेड डिस्क, पीठ के निचले हिस्से और टाँगों के दर्द का एक आम कारण है। डिस्क या चक्रिका, जो रीढ़ की हड्डी के लिए झटके सहने का काम करती है, रीढ़ की हड्डी की प्रत्येक कशेरुका के बीच स्थित होती है। हर चक्रिका में एक टायर की तरह का बाहरी चक्र (अंगूठी के आकार का फाइब्रोसस) होता है, जिसके भीतर एक जैल जैसा पदार्थ (जिसे केन्द्रक मज्जा कहते हैं) होता है।

डिस्क का हर्निया कैसे होता है?
हर्नियेशन तब होता है जब चक्रिका का बाहरी चक्र टूट जाता है या उसमें दरार आ जाती है और जैल जैसा पदार्थ बाहर निकल आता है, जिससे रीढ़ की हड्डी के बीच के हिस्से या तंत्रिका मूलों पर दबाव पड़ने लगता है। इसके अलावा, न्यूक्लियस से कुछ ऐसे रसायन निकल आते हैं जो आसपास की तंत्रिकाओं को उत्तेजित करते हैं और सूजन तथा दर्द पैदा करते हैं।

लम्बर डिस्क हर्नियेशन अधिकतर किसी अचानक पड़े दबाव के कारण होता है, जैसे कि किसी दुर्घटना से। कभी-कभी यह धीरे-धीरे, कुछ सप्ताहों या महीनों के दौरान भी होता है। डिस्क हर्नियेशन के ख़तरे पैदा करने वाले तत्त्वों में शामिल हैं:

  • उम्र का बढ़ना। जब उम्र बढ़ती है, तो चक्रिकायें धीरे-धीरे सूखने लगती हैं, उनकी शक्ति और लचीलापन कम हो जाता है।
  • जीवन शैली का प्रभाव। नियमित व्यायाम न करना, संतुलित आहार न लेना, मोटापा और तम्बाकू का सेवन चक्रिकाओं के स्वास्थ्य को प्रभावित करते हैं।
  • उठने-बैठने का ग़लत ढंग, और तथा/अथवा बार-बार वज़न उठाने या घूमने से भी लम्बर स्पाइन पर अतिरिक्त दबाव पड़ सकता है।
लक्षण
लम्बर डिस्क हर्नियेशन के लक्षणों में शामिल हैं:

  • पीठ के निचले हिस्से में धीमा या तेज़ दर्द, जो झुकने, खाँसने, या छींकने जैसी गतिविधियों से बढ़ता है।
  • पेशियों में ऐंठन या जकड़न।
  • शियाटिका (नितम्ब से टाँग या पैर तक फैलने वाला दर्द, जलन, झुनझुनी या सुन्न पड़ना)।
  • टाँगों में कमज़ोरी या टाँगों की गतिविधियों में कमी।

निदान
अच्छा निदान हमेशा सही निदान पर आधारित होता है। हमारी व्यापक निदान प्रक्रिया में शामिल हैः

  • चिकित्सीय पृष्ठभूमि। हम आपके लक्षणों के बारे में आपसे बात करेंगे और इस संबंध में चर्चा करेंगे कि वे कितने गंभीर हैं और आप अब तक कौन-कौन से उपचार करा चुके हैं।
  • शारीरिक जाँच। हमारे रीढ़ की हड्डी के विशेषज्ञों में से कोई आपकी गतिशीलता की सीमाओं, संतुलन की समस्याओं, और दर्द की सावधानी से जाँच करेगा। इस जाँच के दौरान, हम आपके शरीर के छोरों (हाथों और पैरों) में रिफ़्लेक्स (प्रतिवर्त) की कमी, पेशियों की कमज़ोरी, संवेदना कम होने या सुषुम्ना के अन्य नुकसानों के लक्षणों का भी परीक्षण करेंगे।
  • निदानात्मक परीक्षण। सामान्यतः हम साधारण एक्स-रे से शुरू करते हैं, ताकि पता लग सके कि आपको संक्रमण जैसी अन्य समस्यायें तो नहीं है। अक्सर CT स्कैन और MRI भी कराये जाते हैं ताकि हमें लम्बर स्पाइन का तीन-आयामी चित्र मिल सके और हर्नियेटेड डिस्क का पता लगाने में मदद मिले।

लम्बर डिस्क हर्नियेशन के उपचार
अच्छी बात यह है कि लम्बर हर्नियाग्रस्त डिस्क के अधिकतर मामलों में सर्जरी की ज़रूरत नहीं पड़ती! लम्बे समय से मिल रहे सबूत बताते हैं कि हर्नियेटेड डिस्क से जुड़ा दर्द अक्सर सर्जिकल इलाज के बिना, 4-6 महीनों में दूर हो जाता है। दूर्भाग्यवश, यह बताना संभव नहीं है कि कौन से मामले अपने आप सँभल जायेंगे और कौन से नहीं। इसलिए, आम तौर पर मरीज़ों के लक्षण दूर करने में मदद के लिए शुरू में ग़ैर-ऑपरेशन इलाज सुझाये जाते हैं।

ग़ैर-ऑपरेशन उपचार
हर्नियेटेड डिस्क के अधिकतर मरीज़ों के लिए निम्न उपचार मिला-जुलाकर सुझाये जाते हैं:

  • दर्द और सूजन कम करने के लिए दर्द की दवायें, ऐंठन दूर करने के लिए पेशियों को राहत देने वाली दवायें, और कभी-कभी बहुत अधिक दर्द कम करने के लिए नार्कोटिक पेन-किलर्स।
  • गर्म/सर्द थेरेपी, ख़ास तौर पर पहले 24-48 घंटों के दौरान।
  • फ़िज़िकल थेरेपी व्यायाम जैसे कि हल्की मालिश, स्ट्रेचिंग, और शक्ति बढ़ाने वाले व्यायाम ताकि दर्द कम हो और लचीलापन बढ़े।
  • सूजन कम करने वाली दवा का एपिड्यूरल इंजेक्शन। यह उन मरीज़ों के लिए है जिन्हें टाँगों या शरीर के किसी और हिस्से में काफ़ी दर्द हो।

सर्जिकल उपचार
अगर ग़ैर-ऑपरेशन इलाज के बाद भी मरीज़ को असह्य दर्द हो, या तंत्रिका-तंत्र के नुकसान के लक्षण प्रकट हो रहे हों (जैसे कि पिंडली की पेशियों में कमज़ोरी) तब हम डिस्क हर्नियेशन के इलाज के लिये सर्जरी की सलाह दे सकते हैं।

तंत्रिकाओं पर पड़ रहा दबाव और टाँग का दर्द कम करने की सर्जरी में सामान्यतः क्षतिग्रस्त चक्रिका को पूरी तरह या आंशिकरूप से हटा दिया जाता है। इसे डिस्केक्टॉमी कहते हैं। हमारी संस्था में, यह ऑपरेशन अक्सर कम से कम चीरे लगाने वाली तकनीक से किया जाता है। इस न्यूनतम चीरे लगाने वाली सर्जरी में छोटे चीरे और माइक्रोस्कोप तथा एंडोस्कोप (“मिनी-वीडियो कैमरा”) जैसी विशिष्ट प्रौद्योगिकी का उपयोग किया जाता है। माइक्रोडिस्केक्टॉमी और न्यूनतम चीरों वाली तकनीकों के बाद अक्सर मरीज़ों के ठीक होने में पारपंरिक तकनीकों से कम समय लगता है, क्योंकि इसमें पेशियों को कम आघात लगता है और सर्जरी के दौरान खून भी बहुत ही कम निकलता है।

चक्रिका के पहली बार हर्नियेट होने की स्थिति में रीढ़ की हड्डी के संयोजन की विरले ही ज़रूरत पड़ती है। यदि ज़रूरी हुआ, तो चक्रिका को हटाने से ख़ाली हुई जगह को हड्डी के ग्राफ़्ट से भर दिया जाता है - यह सामान्यतः मरीज़ के कूल्हे से निकाला गया हड्डी का छोटा टुकड़ा होता है। हड्डी के ग्राफ़्ट या विकल्प का इस्तेमाल कशेरुकाओं को जोड़ने या संयोजित करने के लिए किया जाता है। कुछ मामलों में, संयोजन को बढ़ावा देने और रीढ़ की हड्डी को स्थिरता प्रदान करने के लिए विशेष रूप से डिज़ाइन किये गये उपकरण (जैसे कि रॉड या पेंच) भी लगाये जा सकते हैं।

चक्रिका को हटाने के अलावा, तंत्रिका को ढँकने वाली हड्डी का कुछ हिस्सा भी हटाने की ज़रूरत पड़ सकती है। इसे लैमिनेक्टॉमी कहा जाता है।

ठीक (स्वस्थ) होना
हमारी संस्था में, अधिकतर मरीज़ सर्जरी के दिन ही बिस्तर से उठना शुरू कर सकते हैं। उनकी गतिविधियाँ धीरे-धीरे बढ़ाई जाती है और आम तौर पर मरीज़ ऑपरेशन के 24 घंटे के अंदर घर जा सकते हैं, हालाँकि यह उनकी सर्जरी की गंभीरता पर निर्भर रहता है। ऑपरेशन के बाद कुछ दर्द हो सकता है। लेकिन, हमारे पास दर्द की दवायें मौजूद हैं जो आपको आराम देंगी।

घर जाने के बाद भी आपको आराम करना पड़ेगा। आपको बताया जायेगा कि आप धीरे-धीरे अपनी गतिविधियाँ कैसे बढ़ायें। हो सकता है कि आपको कुछ समय तक दर्द की दवायें लेनी पड़ें। लेकिन, सर्जरी के एक या दो सप्ताह के भीतर दर्द और तकलीफ़ कम होने लगेगी। आपके घर जाने से पहले, दर्द कम करने और लचीलापन बढ़ाने की अन्य तकनीकों के बारे में हम आपसे चर्चा करेंगे। हम आपसे यह भी चर्चा करेंगे कि कितने समय के अंदर आप चलने-फिरने, गाड़ी चलाने और हल्का वज़न उठाने जैसी गतिविधियाँ शुरू कर सकते हैं, और कब अपने उन्नत स्तर के कार्य, जैसे सामान्य तौर पर किये जाने वाले कार्य, खेलकूद और बगीचे के काम जैसी भारी गतिविधियाँ शुरू कर सकते हैं।

हमारी संस्था की प्राथमिकता है आपका स्वस्थ होना। अगर अपनी बीमारी, अपने इलाज, या अपने स्वस्थ होने के बारे में आपके कुछ प्रश्न हैं तो हमें कॉल करने में झिझकें नहीं।

संबंधित लिंक्स


फ़िज़िकल थेरेपी
दर्द का प्रबंधन – हस्तक्षेप पद्धति
कम से कम चीरे वाली स्पाइन (रीढ़ की हड्डी) सर्जरी
PLIF,ALIF और TLIF प्रक्रियायें

Scoliosis Associates East 69th Street New York City