स्कोलियोसिस सर्जरी की तैयारी और घर पर देखभाल के लिए निर्देश

स्कोलियोसिस सर्जरी के लिए तैयारी करते समय और सर्जरी के बाद ठीक होने का इंतजार करते हुए आपके मन में बहुत से सवाल होंगे। Scoliosis Associates के कर्मचारी यह सुनिश्चित करेंगे कि आप तैयार हैं और आपको आपकी स्थिति से संबंधित स्पष्ट निर्देश भी देंगे। लेकिन, नीचे दिये गये विवरण से आपको स्कोलियोसिस सर्जरी की तैयारी, देखभाल, और ऑपरेशन के बाद ठीक होने के बारे में समझने में मदद मिलेगी।

स्कोलियोसिस सर्जरी के लिए सम्पूर्ण देखभाल

भर्तीः आपको सर्जरी के दिन अस्पताल में भर्ती किया जाता है।

सर्जरीः डॉ. लोनर पूरा ऑपरेशन करते हैं। रेज़िडेंट्स और फ़ैलोज़ केवल सहायक के रूप में काम करते हैं।

रक्तः रक्तदान कार्यक्रम से संबंधित मरीज़ स्वयं अपना रक्त दान करते हैं। परिवार के सदस्य भी रक्तदान कर सकते हैं। सर्जरी के दौरान, कोशिकाओं को संरक्षित रखने वाले उपकरण, सेल सेवर, का प्रयोग किया जाता है, इसलिए जमा किया गया रक्त तत्काल मरीज़ को लौटा दिया जाता है। अंत में, सर्जरी के दौरान खून कम से कम बहे, इसके लिए रक्तचाप कम किया जाता है।

दवायें: एस्पिरिन, मोट्रिन, इबुप्रोफ़ेन तथा सभी ग़ैर-स्टीरॉयड सूजन-रोधी दवायें सर्जरी से 1 सप्ताह पहले से रोक दी जानी चाहिए और सर्जरी के बाद कम से कम 3 महीने तक बंद रहनी चाहिए। टाइलेनॉल (Tylenol) ली जा सकती है।

धूम्रपानः धूम्रपान से हड्डियों के ठीक होने और फ़्यूज़न में बाधा पड़ती है। इसलिए, आपको ऑपरेशन से 2 महीने पहले से लेकर कम से कम 6 महीने बाद तक धूम्रपान न करने के लिए वचनबद्ध होना चाहिए। हम तो यही आशा करते हैं कि आप इसे हमेशा के लिए छोड़ देंगे।

सुषुम्ना की निगरानीः एक चिकित्सक ऐसा भी होगा, जिसकी एक मात्र ज़िम्मेदारी होगी, पूरे ऑपरेशन के दौरान लगातार आपकी सुषुम्ना पर नज़र रखना। ऐसा पक्षाघात से बचाने के लिए किया जाता है हालाँकि इसकी संभावना बेहद कम होती है।

चीराः आपकी त्वचा पर कोई टाँके नहीं होगें। हम आपकी त्वचा को बहुत कसकर बंद करते हैं, जिससे यथासंभव बारीक निशान पड़ता है।

टाँकेः टाँके शरीर में प्राकृतिक रूप से समा जाते हैं। इसलिए उन्हें काटकर निकालने की ज़रूरत नहीं पड़ती।

एनीस्थीसियाः सर्जरी के दौरान ऑपरेशन कक्ष में अनुभवी एनीस्थीसियोलॉजिस्ट मौजूद रहते हैं। ये चिकित्सक, स्कोलियोसिस सर्जरी कराने वाले हमारे मरीज़ों को नियमित रूप से एनीस्थीसिया देते हैं।

ऑक्सीजनः पूरी सर्जरी के दौरान नाड़ी पर ऑक्सीमीटर लगा रहता है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि पूरे शरीर को 100 प्रतिशत ऑक्सीजन प्राप्त हो रही है।

दर्द-PCA: मरीज़ द्वारा नियंत्रित दवा की पद्धति में आप ज़रूरत पड़ने पर, केवल एक बटन दबाकर, अपने को दर्द की दवा तत्काल दे सकते हैं। यह दवा इंट्रावीनस नली से आपके शरीर में पहुँच जाती है। आपको इंजेक्शन के लिए नर्स के आने का इंतज़ार नहीं करना पड़ता।

संक्रमणः संक्रमण की आशंका को नियंत्रित और सीमित करने के लिए सर्जरी से पहले, उसके दौरान और बाद में एंटीबायोटिक्स दी जाती है।

परिवार का साथः माता-पिता के मरीज़ से मिलने आने पर कोई रोक-टोक नहीं है। हम परिवार के एक सदस्य को मरीज़ के पास रहने और सोने को प्रोत्साहित करते हैं। इसके लिए उन्हें बिस्तर उपलब्ध कराया जाता है।

साँस संबंधीः सर्जरी से पहले और बाद में साँस संबंधी व्यायाम कराये जाते हैं।

नर्सें: आपको अस्पताल में हमारी विशेष रूप से प्रशिक्षित नर्सों से नर्सिंग संबंधी देखभाल सेवा प्राप्त होगी। नर्सिंग के नियम-क़ायदे हमने बनाये हैं।

अस्पताल और कर्मचारीः हमारे अस्पतालों और कर्मचारियों की, स्कोलियोसिस के विशेष उपचार केन्द्रों के रूप में प्रसिद्धि बढ़ती जा रही है। हमारे कर्मचारियों को स्कोलियोसिस के मरीज़ों के विशिष्ट इलाज और देखभाल का बहुत अच्छा अनुभव है।

चलनाः हम फ़िज़िकल थेरेपी करते हैं। ऑपरेशन के बाद, पहले तीन दिनों के अंदर आप किसी भी समय बिस्तर से उठ सकते हैं और किसी की सहायता लेकर चल सकते हैं।

भावनात्मक समर्थनः प्रत्येक मरीज़ एक विशिष्ट व्यक्ति है। हमारे अधिकतर युवा प्रकृति के मरीज़ ऐसे होते हैं, जो पहले कभी गंभीर मेडिकल वातावरण में नहीं रहे हैं। हम सर्जरी से पूर्व और सर्जरी के बाद ठीक होने के दौरान उनके डर को और भावनात्मक सहारे की उनकी आवश्यकता को अच्छी तरह समझते हैं। हम इसे पूरी सफलता के लिए आवश्यक समझते हैं।

अस्पताल से छुट्टीः जैसे ही आप चलने-फिरने में पूरी तरह सक्षम हो जाते हैं, आपको अस्पताल से छुट्टी मिल सकती है। इसमें ऑपरेशन के बाद 4 दिन से 7 दिन बाद तक लग सकते हैं। आप कार से घर जा सकते हैं।

अस्पताल में रहने का कार्यक्रमः यह चार्ट केवल दिशा-निर्देश के तौर पर दिया जा रहा है। प्रत्येक व्यक्ति के लिए ये निर्देश अलग-अलग हो सकते हैं।

स्कोलियोसिस सर्जरी के बाद घर पर देखभाल

अस्पताल से छुट्टीः आप अस्पताल से घर कार में लौट सकते हैं।

कारः आगे की पैसेंजर सीट पर बैठें और कंधे तथा कमर में सीट बेल्ट बाँधे। सीधे बैठने की अपेक्षा, सहारा लेकर बैठना ज़्यादा आरामदेह होगा। कार में कम से कम यात्रा करें।

टॉयलेटः सामान्य टॉयलेट सीट का इस्तेमाल करें।

नहानाः सर्जरी के दिन से 7 दिन बाद, आप ज़रूरत पड़ने पर नहा सकते हैं। बालों को शावर में ही धोयें। नहाने समय आपके साथ कोई वयस्क व्यक्ति होना चाहिए। नहाने से पहले सभी पट्टियाँ हटा दें। स्टेरी-स्ट्रिप्स को अपने आप गिर जाने दें।

घावः घाव साफ़-सुथरा होना चाहिए, उसे बहना नहीं चाहिए। अगर उससे कुछ बहता है, तो कार्यालय में फ़ोन करें। विशष पट्टियों की ज़रूरत नहीं है।

चलनाः जितना बर्दाश्त हो सके, उतना ही चलें। इसके लिए कोई निर्धारित सीमा नहीं है।

बैठनाः उतनी ही देर बैठें, जितना कि आवश्यक हो; इसमें घर पर पढ़ाने वाले ट्यूटर के पास बैठना भी शामिल है

झुकनाः नीचे से कुछ उठाना हो तो उकडूँ बैठकर उठायें। झुकने और तनने से बचें या पेट के बल न सोयें।

सीढ़ियाँ: जितना ज़रूरी हो, उतना ही चढ़ें और बराबर क़दम रखते हुए चढ़ें।

रिटर्न विज़िटः अस्पताल से छुट्टी होने के दिन से एक महीने बाद। घर लौटकर तत्काल ही मुलाकात (विज़िट) का समय तय कर लें।

स्कूलः घर लौटने के फ़ौरन बाद से घर पर पढ़ाने के लिए ट्यूटर रख लें; आप स्कूल कब से जा सकते हैं, यह आपकी पहली ऑफ़िस विज़िट में तय होगा। पुस्तकों के दो सेट रखें। सर्जरी के दिन से लगभग छह महीने तक जिम में न जायें। स्कूल बस का प्रयोग करें।

कामः आपके काम पर लौटने का दिन आपकी पहली ऑफ़िस विज़िट के समय तय किया जायेगा। व्यक्तिगत आकलन ज़रूरी है।

दर्दः आपके दर्द पर क़ाबू पाने के लिए नुस्ख़ा दिया जायेगा। अगर दर्द बराबर बना रहता है, तो हमारे ऑफ़िस में फ़ोन करें। कृपया कोई सूजन-रोधी दवायें, जैसे कि एस्पिरिन (Aspirin), एडविल (Advil), मोट्रिन (Motrin), वोल्ट्रेन (Voltaren), आदि न लें क्योंकि इनसे हड्डियों के ठीक होने और फ़्यूज़न में बाधा पड़ सकती है।

खानाः नियमित खाना। खाना खाने के लिए बैठ सकते हैं। स्वस्थ होने की प्रक्रिया को बढ़ावा देने के लिए अधिक प्रोटीन वाला आहार (मछली, माँस, मुर्गी, दूध, अंडा) लेना बहुत ज़रूरी है।

ब्रेसः अधिकतर मरीज़ों को ब्रेस की ज़रूरत नहीं होती। अगर आपको ब्रेस की ज़रूरत है, तो यह अस्पताल से छुट्टी देने से पूर्व तय हो जायेगा। ब्रेस की ज़रूरत आम तौर पर तभी होती है जब आप बिस्तर से बाहर होते हैं और इसे 1-4 महीने तक पहना जाता है।

धूम्रपानः तम्बाकू उत्पादों के प्रयोग से हड्डियों के ठीक होने और फ़्यूज़न पर असर पड़ता है। हमारे मरीज़ों में से अधिकतर लोग, ख़ास तौर पर बाल मरीज़ धूम्रपान नहीं करते। यदि आप सिगरेट पीते हैं, तो आपको सर्जरी से पहले उसे छोड़ना पड़ेगा, नहीं तो सर्जरी की सफलता में बाधा आयेगी।

संबंधित लिंक्स


स्कोलियोसिस के लिए न्यूनतम चीरे वाली थोरैकोस्कोपिक सर्जरी

Scoliosis Associates East 69th Street New York City