


स्पाइन सर्जरी की तैयारीआपको स्पाइन सर्जरी की ज़रूरत है, यह जानना डरावना अनुभव हो सकता है क्योंकि सर्जरी में फ़ायदे की संभावना के साथ-साथ जोखिम की भी आशंका रहती है। एक भरोसेमंद सर्जन और सर्जिकल टीम को चुनकर, पहला और सबसे महत्त्वपूर्ण कदम तो आप उठा ही चुके हैं। Scoliosis Associates के हमारे डॉक्टर और नर्स अच्छी तरह प्रशिक्षित और काफी सम्मानित हैं। हम स्पाइन सर्जरी के विशेषज्ञ हैं और आपसे वायदा करते हैं कि अपनी कुशलता और प्रशिक्षण का पूरा सदुपयोग करेंगे। हम आपकी बीमारी और सर्जरी की योजना के बारे में आपको पूरी जानकारी देंगे। इसमें सर्जरी से जुड़े जोखिम, संभावित जटिलतायें और अपेक्षित परिणाम भी शामिल होंगे। लेकिन, सबसे अधिक सफल और तकनीकी दृष्टि से तैयार सर्जरी टीम भी, उस तैयारी में आपकी महत्त्वपूर्ण भूमिका की जगह नहीं ले सकती। ऑपरेशन के लिए आपकी शारीरिक और मानसिक तैयारी का सर्जरी की सफलता और आपके स्वस्थ होने पर बहुत प्रभाव पड़ता है। सर्जरी से पहले आपके पास कितना समय है, इसके अनुसार आप कई ऐसे काम कर सकते हैं जिनसे आपको सकारात्मक अनुभव होने की संभावना बढ़ जायेगी। शारीरिक तैयारी यह आवश्यक है कि सर्जरी के तनाव से गुजरने से पहले आपका शरीर भरसक स्वस्थ हो। हम आपके पूरे स्वास्थ्य का आकलन करेंगे ताकि आपकी चिकित्सा पृष्ठभूमि से उन बातों का पता लगा सकें, जिनसे कोई कठिनाई पैदा हो सकती है या सर्जरी का जोखिम बढ़ सकता है। हम आपकी गहन शारीरिक जाँच करेंगे और रक्त तथा मूत्र की भी जाँच करायेंगे। आपकी उम्र और स्वास्थ्य के आधार पर हम कुछ अन्य ऑपरेशन-पूर्व परीक्षणों का निर्देश दे सकते हैं, जैसे कि छाती का एक्स-रे या EKG। हम सर्जरी से पहले आपके स्वास्थ्य में सुधार लाने के लिए आपसे अतिरिक्त पोषण लेने, वज़न कम करने, व्यायाम करने या धूम्रपान बंद करने को भी कह सकते हैं। पोषण स्वास्थ्य और पोषण की दृष्टि से संतुलित आहार लेने से आपकी रोग-प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है, जिससे घावों को जल्दी भरने और संक्रमण से बचाव में मदद मिलती है। संतुलित भोजन में शामिल हैं, ढेर सारे फल और सब्ज़ियाँ, हर प्रकार के अनाज, और डेयरी उत्पादों तथा माँस से प्राप्त होने वाला प्रोटीन। अपनी रोग प्रतिरक्षा प्रणाली को यथासंभव स्वस्थ बनाये रखने के लिए आपको अतिरिक्त चिकनाई, प्रोसेस्ड खाद्य पदार्थों और चीनी से बचना चाहिए। मल्टी-विटामिन पूरक दवा भी लाभप्रद हो सकती है लेकिन, अच्छा यही रहेगा कि आप अपने विटामिन स्वस्थ आहार से प्राप्त करें, औषधियुक्त गोलियों से नहीं। ध्यान रखें कि पूरक हर्बल औषधियाँ भले ही “प्राकृतिक” स्रोतों से निर्मित हैं, फिर भी वे एक तरह की दवा ही हैं। इसलिए उनके बारे में अपने डॉक्टर से ज़रूर चर्चा करें। कुछ पूरक दवाओं से सर्जरी के दौरान विपरीत प्रभाव हो सकते हैं। वज़न कम करना अगर आपका वज़न ज़रूरत से ज़्यादा है, तो हो सकता है कि आप सर्जरी से पूर्व स्वस्थ भोजन और व्यायाम के ज़रिये सुरक्षित तरीके से अपना वज़न घटाना चाहें। ज़्यादा वज़न होने से रीढ़ की हड्डी पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है, जिससे ऑपरेशन के बाद ठीक होने में कठिनाई हो सकती है और दर्द भी बढ़ सकता है। अगर आपको वज़न बहुत ज़्यादा घटाना है, तो डॉक्टर से संपर्क करें और उनकी निगरानी में ही वज़न घटायें। बहुत अधिक वज़न घटाने से या असुरक्षित तरीकों (जैसे कि कुछ हर्बल पूरक औषधियों) से वज़न घटाने से स्वास्थ्य के लिए कई अतिरिक्त समस्यायें और जोखिम पैदा हो सकते हैं। व्यायाम व्यायाम आपकी पेशियों की ताक़त बढ़ाकर और हृदय तथा रक्त वाहिनियों को स्वस्थ रखकर, सर्जरी की तैयारी में मदद कर सकता है। आप जितने स्वस्थ होंगे, उतनी ही जल्दी ठीक होंगे और स्वस्थ-सक्रिय जीवन जी सकेंगे। व्यायाम से रोग-प्रतिरक्षा प्रणाली को भी बढ़ावा मिलता है और आप पूरी तरह स्वस्थ महसूस करते हैं। सर्जरी से पहले शक्ति और क्षमता बढ़ाने के लिए, लगभग हर कोई, किसी न किसी तरह की कसरत शुरू कर सकता है। आपकी बीमारी और दर्द को मद्देनज़र रखते हुए चलना, तैरना, पानी में एयरोबिक्स, या हलके वज़न उठाकर व्यायाम करने से आपको फ़ायदा हो सकता है। फ़िज़िकल थेरेपिस्ट या प्रोफ़ेशनल ट्रेनर, आपके लिए उपयुक्त व्यायाम कार्यक्रम बनाने में मदद कर सकते हैं। लेकिन, अपने डॉक्टर की सलाह लेना न भूलें। धूम्रपान बंद करना अगर आप धूम्रपान के आदी हैं, तो इस आदत को छोड़ना, सर्जरी से पूर्व का सबसे महत्त्वपूर्ण परिवर्तन हो सकता है। धूम्रपान, सर्जिकल जटिलताओं की आशंका काफ़ी हद तक बढ़ा देता है। इससे आपकी रोग प्रतिरक्षा प्रणाली प्रभावित हो जाती है, एनीस्थीसिया दिये जाने के समय आप पर विपरीत असर हो सकता है और रिकवरी के दौरान फेफड़ों की निमोनिया जैसी समस्यायें पैदा हो सकती हैं। यही नहीं, कई स्पाइन सर्जन धूम्रपान करने वालों का स्पाइन फ़्यूज़न करने से इनकार कर देते हैं, क्योंकि अध्ययनों से पता चलता है कि उनमें फ़्यूज़न की सफलता की दर बहुत कम होती है। सर्जरी से तीन महीने पूर्व और स्वस्थ होने के दौरान धूम्रपान न करने से आपका स्वास्थ्य और सर्जरी की सफलता की संभावना दोनों बेहतर होंगे। मानसिक तैयारी स्पाइन सर्जरी के लिए शारीरिक रूप से तैयार होने के साथ, आपका मानसिक तथा भावनात्मक रूप से तैयार होना भी ज़रूरी है। हम सुनिश्चित करना चाहते हैं कि आपको पूरी प्रक्रिया के दौरान हर क़दम पर अपेक्षित चीज़ों के बारे में जानकारी है। हम चाहते हैं कि आपको उन सभी व्यावहारिक बातों और सहायता प्रदान करने वाली चीज़ों का भी पता हो, जिन पर आपको सर्जरी से पहले ध्यान देना चाहिए। सहायक व्यक्ति आपको अपने किसी मित्र, परिवार के सदस्य, या सहायक व्यक्ति की ज़रूरत पड़ेगी जो आपको सर्जरी के लिए अस्पताल लाये, और फिर यहाँ से ले जाये। आपको सर्जरी के बाद घर लौटने पर, कम से कम एक-दो दिन किसी को अपने साथ रखने की भी ज़रूरत पड़ेगी, जो आपकी देखभाल, खान-पान, सफ़ाई और आवश्यक कार्यों में मदद कर सके। आपकी बीमारी, सर्जरी के प्रकार, और व्यक्तिगत परिस्थितियों को देखते हुए, आपको घर पर लंबे समय तक देखभाल करने वाले पेशेवर व्यक्ति की व्यवस्था करने की भी ज़रूरत पड़ सकती है। घर को तैयार करना ऑपरेशन के बाद स्वास्थ्य लाभ के समय की आवश्यकताओं के लिए घर को पहले से तैयार कर लेना अच्छा रहता है। आपको कुछ समय के लिए झुकने, या भारी चीजों को उठाने से रोका जा सकता है इसलिए आवश्यक वस्तुएँ, जैसे फ़ोन, खाना, प्रसाधन सामग्री और दवायें अपनी पहुँच के भीतर रखें। आप अपने फ़र्नीचर के स्थान बदल सकते हैं ताकि आपको सीढ़ियाँ न चढ़नी पड़ें और ऐसी क़ालीन/दरियाँ हटा सकते हैं जिनसे फँसकर गिरने की आशंका हो। अपनी स्थिति को देखते हुए, आपको चलने या नहाने के लिए विशेष उपकरणों की आवश्यकता हो सकती है। इस बारे में आपके डॉक्टर, नर्स या फ़िज़िकल थेरेपिस्ट आपको राय देंगे। स्वास्थ्य लाभ (रिकवरी) योजनायें यह आवश्यक है कि ऑपरेशन के बाद ठीक होने के बारे में आपकी उम्मीदें वास्तविकता पर आधारित हों। अगर सर्जरी के बाद आपको ब्रेस पहनने की ज़रूरत है तो उसके लिए नाप ऑपरेशन से पहले लिया जा सकता है। हमारी मेडिकल टीम आपको बतायेगी कि आपको अस्पताल में कितने दिन रहना होगा; सर्जरी के बाद आप पर कौन-से अस्थायी या दीर्घावधि प्रतिबंध होंगे, और आप अपने काम या अन्य गतिविधियों पर कब लौट सकेंगे। सहमति फ़ॉर्म आपको यह बताने के लिए सहमति फ़ॉर्म पर हस्ताक्षर करने होंगे कि आप प्रस्तावित सर्जिकल प्रक्रिया को समझते हैं और उसके लिए राज़ी हैं। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि आप अपना चिकित्सा इतिहास जानें; आप जाने कि प्रस्तावित सर्जिकल प्रक्रिया किस प्रकार की है; हम किस प्रकार की एनीस्थीसिया का प्रयोग करेंगे; सर्जरी के जोखिम, फ़ायदे, और संभावित जटिलतायें क्या हैं; और अस्पताल में रहने की संभावित योजना, ऑपरेशन के बाद दर्द के नियंत्रण, पुनर्वास और पुनः स्वस्थ होने की प्रक्रिया को भी आप समझ लें। सर्जरी-पूर्व अंतिम तैयारी सर्जरी से पूर्व के अंतिम कुछ दिनों में, आपको अपनी दवाओं के कार्यक्रम, रक्तदान और अस्पताल में भर्ती होने की तैयारियों के बारे में हमारे विस्तृत निर्देश प्राप्त होंगे। आपकी व्यक्तिगत परिस्थिति के अनुसार ये निर्देश अलग-अलग हो सकते हैं लेकिन सामान्यतः आपको इन बातों पर ध्यान देना होगा। रक्तदान बहुत से मरीज़ सर्जरी के दौरान आवश्यकता पड़ने पर अपना ही रक्त दिये जाने की मंशा से रक्तदान करते हैं। कुछ अन्य मरीज़ अनुकूल ब्लड़ ग्रुप वाले दोस्तों और परिवार के सदस्यों से रक्तदान करवाते हैं। अगर आप अपना ही रक्तदान करना चाहते हैं, तो आपको सर्जरी से दो से चार सप्ताह पूर्व इसकी व्यवस्था करनी होगी। भोजन और दवा संबंधी निर्देश हम सर्जरी से पहले आपकी दवाओं के कार्यक्रम और आपको क्या खाना-पीना है, इसके बारे में विस्तृत निर्देश देंगे। अक्सर मरीज़ों को सर्जरी की पिछली रात में मध्यरात्रि के बाद से कुछ भी खाने-पीने की अनुमति नहीं होती। इसके अलावा कुछ दवायें, जैसे कि खून पतला करने वाली या सूजन कम करने वाली दवायें, आपको सर्जरी से कुछ दिन या कुछ सप्ताह पहले बंद करनी होंगी। इसके बारे में भी हम स्पष्ट निर्देश देंगे। अस्पताल में भर्ती होना जब आप सर्जरी के लिए अस्पताल जायें तब ढीले-ढाले आरामदेह कपड़े और पहनने-उतारने में आसान जूते पहनना ठीक रहेगा। अगर आपको रात अस्पताल में बितानी है तो एक छोटे बैग में कमीज-पैंट के नीचे पहने जाने वाले कपड़े, रात में पहनने के कपड़े, चप्पल और प्रसाधन सामग्री लेकर आयें। अगर सर्जरी के बाद आपको ब्रेस पहननी है तो उसके नीचे पहनने के लिए एक सूती टी-शर्ट की ज़रूरत होगी। अपने गहने और घड़ी घर पर छोड़ दें और अँगूठियाँ भी उतार दें। अस्पताल पहुँचने पर आपसे वहीं का गाउन पहनने को कहा जायेगा। आपके विज़िटर्स को प्रतीक्षा वाली जगह पर रुकने को कहा जायेगा। चिकित्साकर्मी आपके जीवन लक्षणों की समीक्षा करेंगे और आपको सर्जरी में ले जाने से पहले IV शुरू कर देंगे। निष्कर्ष हालाँकि सर्जरी की संभावना ही डराने वाली है, लेकिन हमें इस प्रक्रिया के दौरान अपने मरीज़ों की सहायता करने का अनुभव है। यदि आपको सर्जरी के लिए शारीरिक और मानसिक तौर पर तैयार होने का समय मिल जाता है तो इससे आपको स्वयं को स्वस्थ महसूस करने और स्वस्थ होने में काफी मदद मिलेगी। हमारे निर्देशों को अवश्य सुनें और उनका पालन करें ताकि आप सर्जरी के लिए तैयार हो जायें और अगर कुछ पूछना चाहते हैं तो झिझकें नहीं।
|
| आपको हमारे कार्यालय में आते समय एक वयस्क अनुवादक को भी साथ लेकर आना चाहिए। |
