स्पाइन सर्जरी से रिकवरी (स्वास्थ्य लाभ)
स्पाइन सर्जरी से पहले हमारे सभी मरीज़ जो सवाल पूछते हैं, उनमें सबसे महत्त्वपूर्ण है, “मुझे ठीक होने में कितना समय लगेगा?” अधिकतर मरीज़ जानना चाहते हैं कि सर्जरी के बाद उन्हें कितना दर्द होगा, और उनके जीवन में कितनी बाधा पड़ेगी। मरीज़ों के सम्पूर्ण स्वास्थ्य और सर्जरी के प्रकार तथा उसकी जटिलता के आधार पर मरीज़ों के ठीक होने के समय में भी नाटकीय अंतर दिखाई देता है। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि आप अपनी विशिष्ट परिस्थिति के अनुसार, ऑपरेशन के बाद की अपेक्षाओं को ठीक से समझ लें। लेकिन, कुछ ऐसे सामान्य सिद्धांत हैं, जिनका आप पालन कर सकते हैं।
ऑपरेशन के बाद अस्पताल में देखभाल कुछ न्यूनतम चीरे वाली सर्जरी के मामलों को छोड़कर, सर्जरी के अधिकांश प्रकारों में ऑपरेशन के बाद कम से कम दो दिन अस्पताल में रहने की ज़रूरत होती है। सर्जरी पूरी होने के बाद, आपको एक रिकवरी रूम में ले जाया जायेगा, जहाँ एक नर्स आपके जीवन लक्षणों पर नज़र रखेगी और आपकी रिफ़्लेक्स तथा मोटर फ़ंक्शन का आकलन करेगी। आपकी दशा के स्थिर होने और आपके होश-हवाश दुरुस्त हो जाने पर आपको अस्पताल के एक कमरे में ले जाया जायेगा जहाँ नर्सें आपकी निगरानी करती रहेंगी। आपके परिवार वाले और विज़िटर्स सर्जरी के एक घंटे के अंदर आपसे मिल सकेंगे।
दर्द नियंत्रण सर्जरी के बाद ठीक होने के दौरान दर्द होता ही है। फिर भी, हम पूरी कोशिश करेंगे कि अस्पताल में रहने के समय और घर पर रिकवरी के समय आप यथासंभव आराम से रह सकें। हमारे कई मरीज़, PCA या मरीज़ द्वारा नियंत्रित दवा लेने की प्रणाली का इस्तेमाल करने की स्थिति में सक्षम होते हैं। PCA यूनिट से आपको, केवल एक बटन दबाने से IV के ज़रिये थोड़ी-थोड़ी मात्रा में दर्द की दवा ‘‘आवश्यकतानुसार’’ मिलती रहती है। दवा की उपयुक्त मात्रा आपके डॉक्टर तय करते हैं और PCA यूनिट में यह सुनिश्चित करने की भी व्यवस्था होती है कि आपको ज़रूरत से ज़्यादा दवा न मिल जाये। PCA से शीघ्र ठीक होने में मदद मिलती है क्योंकि आप दर्द की दवा की मात्रा पर आवश्यकतानुसार स्वयं लगातार नियंत्रण रख सकते हैं। नर्स का इंतजार करने की ज़रूरत नहीं होती। अस्पताल से छुट्टी मिलने से पहले, आपको PCA के बजाय दवा खाने की आदत डालनी होगी। छुट्टी से पहले आपको इन दवाओं का नुस्ख़ा दे दिया जायेगा। जब तक डॉक्टर न कहें, तब तक आपको बिना नुस्ख़े वाली दवाओं (OTC) के बजाय, नुस्ख़े में लिखी दवायें ही लेनी चाहिए। कुछ OTC दवायें जैसे एस्पिरिन (aspirin), एडविल (Advil), या मोट्रिन (Motrin) हड्डियों के फ़्यूज़न या ठीक होने में बाधक हो सकती हैं।
गतिविधियाँ पुनः शुरू करना अधिकतर मरीज़ों से, सर्जरी के बाद पहले ही दिन बिस्तर से उठने और किसी की सहायता लेकर चलने को कहा जाता है। जब तक आप अस्पताल में हैं, छुट्टी की तैयारी में, धीरे-धीरे अपनी गतिविधियाँ बढ़ा सकते हैं। रिकवरी में मदद के लिए आपको कुछ ऑक्यूपेशनल या फ़िज़िकल थेरेपी दी जा सकती है। अस्पताल से छुट्टी दिये जाने से पूर्व, आपको साबित करना होगा कि आप घर पर ज़रूरी सामान्य गतिविधियाँ, जैसे कि नहाना, कपड़े पहनना, और सीढ़ी चढ़ना शुरू कर सकते हैं। आपके मल-मूत्र त्यागने की स्थिति भी सामान्य होनी चाहिए। यदि आपकी अधिक जटिल स्पाइनल सर्जरी हुई है तो आपको कुछ समय पुनर्वास यूनिट में बिताना पड़ सकता है। वहाँ आपको घर जाने से पहले अतिरिक्त नर्सिंग सहायता और थेरेपी मिलेगी। घर पर रिकवरी जब आपको अस्पताल से छुट्टी मिलेगी, तब आपको घर ले जाने के लिए किसी की ज़रूरत पड़ेगी। अधिकतर मरीज़ गाड़ी की अगली पैसेंजर सीट पर बैठकर घर जा सकते हैं। यह ज़रूरी है कि घर पहुँचने पर, आपको रोज़मर्रा के कामों, जैसे कि खाना बनाने, सफ़ाई करने, ज़रूरी ख़रीदारी करने और व्यक्तिगत देखभाल के लिए मदद मिलती रहे। आपकी सुविधा के लिए आपको घर में सुरक्षित रूप से नहाने, टॉयलेट जाने और कपड़े पहनने में मदद देने के लिए कुछ विशेष उपकरण दिये जा सकते हैं। कुछ मरीज़ों को, सर्जरी के बाद रीढ़ को स्थिर रखने और ठीक होने की गति बढ़ाने के लिए ब्रेस पहनने की ज़रूरत हो सकती है।
रिकवरी के दौरान दैनिक गतिविधियाँ शुरू करने के आपके लक्ष्य वास्तविकता पर आधारित होने चाहिए। आपको सामान्य से अधिक आराम करना होगा ताकि आपके शरीर को स्वस्थ करने के लिए आवश्यक ऊर्जा सुरक्षित रहे। अपनी रिकवरी में तेज़ी लाने और संपूर्ण स्वास्थ्य में योगदान करने के लिए आप स्वास्थ्यवर्धक भोजन लेने, धूम्रपान न करने और प्रतिदिन चलने-फिरने जैसी कुछ गतिविधियों का सहारा ले सकते हैं। इस समय परिवार और मित्रों का सहयोग भी सहायक होता है। कुछ मरीज़ जल्दी ही अपने काम पर या स्कूल में लौट जायेंगे जब कि कुछ को पुनर्वास और सीमित गतिविधियों वाला लंबा समय बिताना होगा। हम आपके साथ आपकी निजी परिस्थिति की अपेक्षाओं के बारे में चर्चा करेंगे ताकि आप अपनी रिकवरी के लिए तैयार रहें। कृपया हमारे निर्देशों का सावधानी से पालन करें और अगर कोई प्रश्न है, तो हमसे कहें।
|